कुकड़ेश्वर। नगर परिषद कुकड़ेश्वर के सभाकक्ष में दिनांक 25 मार्च 2026 को आयोजित साधारण सम्मेलन में आगामी वित्तीय वर्ष 2026-27 का आय-व्यय बजट सर्वसम्मति से पारित किया गया। बैठक की अध्यक्षता नगर परिषद अध्यक्ष उर्मिला महेंद्र पटवा ने की।
बैठक में उपाध्यक्ष सोनाली उज्जवल पटवा सहित पार्षदगण एवं परिषद सदस्य उपस्थित रहे। परिषद द्वारा प्रस्तुत बजट के अनुसार अनुमानित आय ₹15,75,45,000 तथा प्रारंभिक शेष ₹2,09,00,000 सहित कुल आय ₹17,84,45,000 निर्धारित की गई। वहीं कुल व्यय ₹17,83,15,000 प्रस्तावित किया गया, जिसमें ₹5,00,000 संचित निधि के रूप में रखा गया है। इस प्रकार ₹1,30,000 की बचत के साथ बजट संतुलित रूप से पारित किया गया। विशेष बात यह रही कि वर्ष 2026-27 के लिए किसी भी प्रकार की कर वृद्धि प्रस्तावित नहीं की गई है।
बैठक में विकास कार्यों से जुड़े कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों को भी मंजूरी दी गई। वार्ड क्रमांक 06 रावला मोहल्ला में निर्मित दुकानों के आवंटन हेतु प्राप्त प्रस्ताव स्वीकृत किए गए। आमद रोड स्थित सार्वजनिक मुक्तिधाम में नए टीनशेड निर्माण कार्य को स्वीकृति प्रदान की गई। साथ ही स्वच्छता शाखा के लिए महिला एवं पुरुष पोर्टेबल यूरिनल क्रय करने का निर्णय लिया गया।
इसके अतिरिक्त रामपुरा रोड पर पुलिया से शिशु मंदिर तक दोनों ओर नाला निर्माण, जलप्रदाय व्यवस्था, स्ट्रीट लाइट, स्वच्छता कार्य एवं निर्माण सामग्री क्रय से जुड़े प्रस्तावों को भी मंजूरी दी गई। नामांतरण प्रकरणों पर भी सकारात्मक निर्णय लेते हुए सभी प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित किए गए।
मुख्य नगरपालिका अधिकारी कमलसिंह परमार ने बताया कि परिषद द्वारा पारित यह बजट नगर के विकास को नई दिशा देगा तथा मूलभूत सुविधाओं के विस्तार में सहायक सिद्ध होगा।