नीमच। कलेक्टर हिमांशु चंद्रा की अध्यक्षता में गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में जिला जल एवं स्वच्छता मिशन की बैठक आयोजित हुई। बैठक में जिला पंचायत सीईओ अमन वैष्णव, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के कार्यपालन यंत्री दीपेश वास्पत, जल निगम के महाप्रबंधक धीरेन्द्र कुमार बिजोरिया सहित समिति सदस्य उपस्थित रहे।
बैठक में कलेक्टर ने ग्रीष्मकालीन ग्रामीण पेयजल व्यवस्था की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि नए नलकूप खनन के लिए प्राप्त मांग पत्रों पर मौका निरीक्षण कर आवश्यकता अनुसार प्रस्ताव प्रस्तुत किए जाएं। जिन ग्राम पंचायतों में जलकर की वसूली नहीं हो रही है, उनकी सूची तैयार कर जिला पंचायत के माध्यम से कार्रवाई की जाए। बिना स्वीकृति किसी भी ग्राम पंचायत में पेयजल परिवहन नहीं किया जाए।
कलेक्टर ने निर्देश दिए कि जल परीक्षण प्रयोगशाला से प्राप्त पेयजल नमूनों की रिपोर्ट संबंधित ग्राम पंचायत, जनपद पंचायत एवं जिला पंचायत को भी उपलब्ध कराई जाए, ताकि आवश्यक सुधार कार्य समय पर हो सके।
उन्होंने जल निगम को निर्देशित किया कि पाइपलाइन बिछाने से पहले संबंधित विभाग से अनुमति ली जाए। जहां लोक निर्माण विभाग की सड़क निर्माण प्रस्तावित है और वहां पाइपलाइन आ रही है, वहां प्राथमिकता से पाइपलाइन स्थानांतरित की जाए।