मनासा। शासकीय रामचंद्र विश्वनाथ महाविद्यालय मनासा में गुरुवार को ईको क्लब के तत्वावधान में “जल गंगा संवर्धन अभियान” के तहत जल संरक्षण एवं पर्यावरण जागरूकता विषय पर जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में जल संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाना और पर्यावरण संरक्षण के महत्व को समझाना रहा।
इस अवसर पर निबंध लेखन, स्लोगन प्रतियोगिता, जल संवाद एवं परिचर्चा जैसे कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिनमें विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर जल संरक्षण के प्रति अपने विचार प्रस्तुत किए। कार्यक्रम में डॉ. अनिल जैन, डॉ. जी.के. कुमावत, डॉ. स्मिता रावत, प्रो. सुदेश कलम, प्रो. सुमीत मेड़ा, प्रो. पंकज चौहान, प्रो. विकास सालवी सहित महाविद्यालय स्टाफ उपस्थित रहा।
कार्यक्रम की अध्यक्षता प्राचार्य डॉ. एम. धाकड़ ने की। उन्होंने अपने संबोधन में जल संरक्षण को वर्तमान समय की सबसे बड़ी आवश्यकता बताते हुए सभी को जल के विवेकपूर्ण उपयोग के लिए प्रेरित किया। ईको क्लब प्रभारी प्रो. मुकेश मालवीय ने कार्यक्रम का संचालन किया।
अंत में बागवानी क्लब प्रभारी डॉ. ममता बसेर ने आभार व्यक्त किया। प्रतियोगिताओं के विजेताओं एवं प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र और पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।