नीमच। शासकीय अफीम एवं क्षारोद कारखाना नीमच के प्रबंधक संजय कुमार राव ने अफीम कृषकों से अपील की है कि वे किसी भी बिचौलिये या कर्मचारी के प्रलोभन में न आएं। उन्होंने बताया कि फसल वर्ष 2025-26 के लिए केंद्रीय नारकोटिक्स ब्यूरो के तौल केंद्रों से अफीम कंटेनर प्राप्त होते ही 28 मार्च 2026 से सैंपलिंग एवं परीक्षण प्रक्रिया प्रारंभ कर दी जाएगी।
प्रबंधक राव ने बताया कि इस वर्ष भी सैंपलिंग व परीक्षण की प्रक्रिया OCTA (Opium Container Tracking Application) के माध्यम से की जाएगी और पूरी जांच प्रक्रिया पूर्ण पारदर्शिता के साथ संपन्न होगी। पूरी प्रणाली को डिजिटाइज किया गया है, जिससे किसी भी प्रकार की गड़बड़ी की संभावना नहीं रहेगी।
उन्होंने कहा कि यदि कोई व्यक्ति मॉर्फिन की मात्रा बढ़ाने, परिणामों में फेरबदल कराने या अधिक आरी का पट्टा दिलाने का लालच देता है, तो वह केवल किसान को ठगने का प्रयास कर रहा है। ऐसे प्रलोभन में आने से किसानों को आर्थिक नुकसान हो सकता है।
प्रबंधक ने बताया कि किसानों की समस्याओं के समाधान के लिए कार्यालय में नियंत्रण कक्ष स्थापित किया गया है, जो सोमवार से शनिवार सुबह 10 से शाम 6 बजे तक दूरभाष नंबर 07423-226015 पर संचालित रहेगा। इसके अलावा किसान अपनी शिकायत [email protected]
ईमेल पर भी दर्ज करा सकते हैं।
उन्होंने बताया कि सैंपलिंग व परीक्षण से संबंधित परिणाम प्रतिदिन विभाग की वेबसाइट पर अपलोड किए जाएंगे।