शाजापुर। थाना मोहन बड़ोदिया पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए 14 वर्षीय नाबालिग बालिका को तीन दिन के भीतर सकुशल बरामद कर आरोपी को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार 22 मार्च 2026 को फरियादी ने अपनी नाबालिग भतीजी को अज्ञात व्यक्ति द्वारा बहला-फुसलाकर ले जाने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। इस पर थाना मोहन बड़ोदिया में धारा 137(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
पुलिस अधीक्षक यशपाल सिंह राजपूत, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक घनश्याम मालवीय एवं एसडीओपी अजय कुमार मिश्रा के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी अरविंद तोमर ने टीम गठित कर जांच शुरू की। टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण, परिजनों से पूछताछ और साइबर सेल की मदद से तकनीकी जानकारी जुटाई।
पुलिस ने 25 मार्च 2026 को बालिका को मोरबी (गुजरात) से आरोपी जीवन पुत्र बापूलाल मालवीय के कब्जे से सकुशल बरामद कर लिया और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी अरविंद तोमर, सउनि मेहमूद अली, आरक्षक जुझार सिंह, महिला आरक्षक कीर्ति मंडोत तथा जिला साइबर सेल प्रभारी विकास तिवारी सहित पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।