नीमच। समीपवर्ती राजस्थान के केसुंदा स्थित मां विंध्यवासिनी धाम में चैत्र नवरात्रि के पावन अवसर पर विभिन्न धार्मिक आयोजन श्रद्धा और उत्साह के साथ जारी हैं। नवरात्रि के दौरान प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंदिर पहुंचकर माता के दर्शन कर रहे हैं।
शुक्रवार को रामनवमी के अवसर पर नीमच के पुलिस अधीक्षक अंकित जायसवाल अपनी पत्नी के साथ मां विंध्यवासिनी धाम पहुंचे और विधिविधान से पूजा-अर्चना कर माता का आशीर्वाद लिया। मंदिर पहुंचने पर पुजारी पंडित प्रदीप नागदा और मुकेश नागदा ने एसपी जायसवाल का साफा बांधकर आत्मीय स्वागत किया।
इस अवसर पर एसपी अंकित जायसवाल ने कहा कि मां विंध्यवासिनी उनकी कुलदेवी हैं और वे समय-समय पर यहां दर्शन के लिए आते रहते हैं। उन्होंने प्रदेशवासियों के सुख-समृद्धि और शांति की कामना भी की। नवरात्रि के चलते मंदिर परिसर में भक्ति और आस्था का विशेष माहौल बना हुआ है, जहां दूर-दूर से श्रद्धालु पहुंचकर माता के दर्शन कर रहे हैं।