मंदसौर। जिला मुख्यालय पर भूकंप आपदा प्रबंधन को लेकर एक महत्वपूर्ण कार्यशाला का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण एवं आपदा प्रबंधन संस्थान, भोपाल के निर्देशों के तहत आयोजित हुआ।
उत्कृष्ट विद्यालय मंदसौर के खेल परिसर में आयोजित इस कार्यशाला में डिस्ट्रिक्ट कमांडेंट होमगार्ड एवं एसडीईआरएफ वीरेंद्र सिंह जादौन के मार्गदर्शन में “भूकंप आपदा जोखिम प्रबंधन, खोज एवं बचाव” विषय पर प्रशिक्षण दिया गया।
कार्यक्रम में आपदा प्रबंधन के मुख्य प्रशिक्षक एवं सिविल डिफेंस डिप्टी चीफ वार्डन डॉ. हिमांशु यजुर्वेदी ने भूकंप के कारण, उससे होने वाली क्षति तथा बचाव के उपायों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने आमजन को भूकंप के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों से भी अवगत कराया।
इस दौरान प्लाटून कमांडर संदीप भंवर एवं रब्बी काजी के नेतृत्व में एसडीईआरएफ/होमगार्ड टीम द्वारा बचाव उपकरणों का प्रदर्शन करते हुए खोज एवं बचाव कार्य तथा सीपीआर तकनीक का प्रशिक्षण दिया गया।
कार्यशाला के अंतर्गत सिविल डिफेंस टीम द्वारा एक मॉक ड्रिल भी आयोजित की गई, जिसमें खिलाड़ियों को भूकंप की स्थिति में सुरक्षित रहने के उपायों का अभ्यास कराया गया।
इस अवसर पर उत्कृष्ट विद्यालय के प्राचार्य रविंद्र दवे, जिला सिविल डिफेंस ब्लॉक वार्डन शक्ति सिंह शक्तावत, ईश्वरलाल बंजारा, खेल प्रशिक्षक रवि कोपरगांवकर, अंकुर त्रिपाठी सहित प्रशिक्षु खिलाड़ी उपस्थित रहे।