तराना। माँ अहिल्या की नगरी तराना में रामनवमी पर्व के अवसर पर विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल के तत्वावधान में स्थानीय मंगलनाथ मंदिर, बस स्टैंड पर भव्य रामोत्सव कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत श्रीराम दरबार एवं भारत माता के चित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्वलन के साथ हुई। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में जिला संगठन मंत्री मोहन राठौर उपस्थित रहे, जबकि विशेष अतिथि के रूप में सत्यनारायण शर्मा, जीवन सिंह गुर्जर और राम सिंदरसिया शामिल हुए।
मोहन राठौर के बौद्धिक सत्र के पश्चात नगर में भव्य वाहन रैली निकाली गई। इस शोभायात्रा में शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों से बड़ी संख्या में रामभक्त शामिल हुए, जिससे पूरा शहर केसरिया और राममय हो गया।
रामभक्तों के कंधों पर सजे केसरिया दुपट्टे विशेष आकर्षण का केंद्र रहे। इस दौरान पूरे शहर में “जय श्रीराम” के गगनभेदी नारों से वातावरण गुंजायमान हो उठा।
कार्यक्रम का समापन महाआरती के साथ हुआ, जिसमें श्रद्धालुओं ने भाग लेकर भगवान श्रीराम का आशीर्वाद प्राप्त किया।