चित्तौड़गढ़। शहर में काली फिल्म लगे वाहनों के खिलाफ शुक्रवार को यातायात पुलिस ने विशेष अभियान चलाया। अभियान के तहत विभिन्न कार डेकोरेशन एवं एसेसरीज दुकानों की जांच कर संचालकों को नोटिस जारी किए गए।
पुलिस अधीक्षक मनीष त्रिपाठी ने बताया कि एएसपी सरिता सिंह एवं यातायात उपाधीक्षक शिवप्रकाश टेलर के निर्देशन में कार्रवाई की गई। दुकानदारों को सख्त हिदायत दी गई कि किसी भी वाहन पर प्रतिबंधित काली फिल्म न लगाई जाए, अन्यथा नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस ने आमजन से भी अपील की है कि वे अपने वाहनों में निर्धारित नियमों के अनुसार ही फिल्म का उपयोग करें और यातायात नियमों का पालन करें।
यातायात पुलिस ने स्पष्ट किया कि काली फिल्म लगे वाहनों के खिलाफ यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।