देवास। रामनवमी के पावन अवसर पर संस्था जागो हिंदू के तत्वावधान में भव्य चल समारोह का आयोजन किया गया। पूरे शहर में श्रद्धा, उत्साह और आस्था का अद्भुत संगम देखने को मिला, मानो हर हृदय श्रीराम की भक्ति में डूब गया हो।
कार्यक्रम में महामंडलेश्वर वेदांत दास महाराज, बलाई समाज के राष्ट्रीय अध्यक्ष मनोज परमार, यात्रा संयोजक निखिल कहार,विश्व हिंदू बजरंग दल के कार्यकर्ता सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु महिला-पुरुष शामिल हुए।
चल समारोह की सबसे आकर्षक झलक रही श्रीराम-सीता की जीवंत झांकी, जिसमें नन्हें बच्चों को भगवान राम और माता सीता के स्वरूप में सजाकर रथ पर विराजित किया गया। यह दृश्य हर किसी के मन को भावविभोर कर गया।
समारोह में मातृशक्ति का जोश और उत्साह भी देखने लायक रहा। महिलाओं ने तलवारबाजी और दंड संचालन की प्रभावशाली प्रस्तुतियां देकर साहस और संस्कारों का अद्भुत परिचय दिया, जिसे देख लोग मंत्रमुग्ध हो उठे।
महामंडलेश्वर वेदांत दास महाराज ने कहा कि रामनवमी केवल एक पर्व नहीं, बल्कि समाज को जोड़ने और हमारी सनातन संस्कृति को सशक्त करने का अवसर है। ऐसे आयोजन नई पीढ़ी को अपने मूल्यों और परंपराओं से जोड़ने का कार्य करते हैं।
वहीं मनोज परमार ने कहा कि भगवान श्रीराम का जीवन हम सभी के लिए आदर्श है। उनके बताए मार्ग पर चलकर ही समाज में प्रेम, मर्यादा और सद्भावना स्थापित की जा सकती है।
पूरे आयोजन के दौरान देवास का वातावरण भक्ति, उल्लास और उत्सव के रंग में रंगा रहा, जहां हर चेहरा राममय नजर आया।