देवास। लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के अवसर पर पुलिस विभाग ने एक प्रेरणादायक पहल करते हुए भव्य साइकिल रैली का आयोजन किया। इस रैली ने न केवल शहर की सड़कों पर जोश और उत्साह का माहौल बनाया, बल्कि एकता, अनुशासन और राष्ट्रभक्ति का सशक्त संदेश भी दिया।
रैली को पुलिस अधीक्षक पुनीत गहलोत ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस दौरान एएसपी जयवीर सिंह भदौरिया, सीएसपी सुमित अग्रवाल सहित शहर के सभी थाना प्रभारी और बड़ी संख्या में पुलिस अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे। साइकिल रैली की शुरुआत सिटी कोतवाली क्षेत्र से हुई, जो शहर के प्रमुख मार्गों और चौराहों से गुजरते हुए निकली अंत में सायाजी द्वार पर इसका समापन किया गया।
समापन स्थल पर सभी पुलिसकर्मियों ने एकजुट होकर राष्ट्र सेवा, कर्तव्यनिष्ठा और समाज के प्रति समर्पण का संकल्प लिया। इस दौरान पूरे आयोजन में पुलिस का उत्साह, अनुशासन और ऊर्जा देखते ही बन रही थी।
इस अवसर पर एसपी पुनीत गहलोत ने बताया कि अक्टूबर 2025 से अक्टूबर 2026 तक सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती को “जयंती वर्ष” के रूप में मनाया जा रहा है, जिसके तहत विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी श्रृंखला में देवास पुलिस द्वारा यह साइकिल रैली आयोजित की गई, जिसका उद्देश्य लोगों को फिटनेस के प्रति जागरूक करना, अनुशासन का संदेश देना और देशभक्ति की भावना को मजबूत करना है।
रैली के दौरान शहरवासियों ने भी पुलिस का उत्साह बढ़ाया और जगह-जगह उनका स्वागत किया। यह आयोजन सिर्फ एक रैली नहीं, बल्कि समाज में सकारात्मक ऊर्जा, स्वास्थ्य जागरूकता और राष्ट्रीय एकता का संदेश देने वाला एक प्रेरणादायक प्रयास बनकर सामने आया।