मंदसौर। सीतामऊ थाना पुलिस ने ग्राम साखतली में किसान शंकरलाल पाटीदार की हत्या के मामले का सनसनीखेज खुलासा करते हुए दो मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि एक आरोपी फरार है। प्रारंभिक जांच में हत्या की वजह पुश्तैनी 7 आरी जमीन का पुराना विवाद सामने आया है।
लहूलुहान हालत में मिला था शव-
27 मार्च 2026 की सुबह फरियादी जीवन पाटीदार ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उसके पिता शंकरलाल पाटीदार (निवासी साखतली) का शव बिलात्री कच्चे रास्ते पर लहूलुहान हालत में मिला। मृतक के गले और सिर पर धारदार हथियार से वार किए गए थे। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के विरुद्ध धारा 103(1) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
जांच में भतीजों पर गहराया शक-
पुलिस अधीक्षक मंदसौर श्री विनोद कुमार मीणा के निर्देश पर गठित टीम की बारीकी से जांच में संदेह की सुई मृतक के भतीजों पर जाकर टिकी। पूछताछ में सामने आया कि घटना से एक दिन पहले आरोपी अर्जुन पाटीदार ने मृतक के पुत्र को फोन पर धमकी दी थी। कड़ाई से पूछताछ के दौरान आरोपियों ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया। उन्होंने बताया कि अपने जीजा अर्जुन पाटीदार के साथ मिलकर उन्होंने चाचा शंकरलाल को रास्ते से हटाने की योजना बनाई थी।
दो आरोपी गिरफ्तार, एक फरार-
पुलिस ने दो आरोपियों बालेश्वर पाटीदार (26 वर्ष), निवासी साखतली, नानालाल पाटीदार (24 वर्ष), निवासी साखतली को गिरफ्तार किया है। जबकि तीसरा आरोपी अर्जुन पाटीदार निवासी नाटाराम, जीजा फरार है, जिसकी तलाश जारी है।
वारदात में इस्तेमाल हथियार बरामद-
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त कुल्हाड़ी और एक हीरो सुपर स्प्लेंडर मोटरसाइकिल भी जब्त की है।
जमीन विवाद बना हत्या का कारण-
पुलिस के अनुसार मृतक और आरोपियों के बीच गांव की 7 आरी पुश्तैनी जमीन को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था, जो सिविल कोर्ट में भी विचाराधीन है। इसी विवाद और कब्जे की नीयत से आरोपियों ने इस जघन्य हत्याकांड को अंजाम दिया।
पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका-
इस अंधे कत्ल का 24 घंटे में खुलासा करने में थाना प्रभारी निरीक्षक कमलेश प्रजापति एवं उनकी टीम की विशेष भूमिका रही।