रतलाम। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने केंद्र सरकार द्वारा पेट्रोल और डीजल पर केंद्रीय उत्पाद शुल्क में की गई कटौती का स्वागत किया है। उन्होंने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के प्रति आभार व्यक्त करते हुए इसे आम उपभोक्ताओं के हित में महत्वपूर्ण निर्णय बताया।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि वर्तमान में पश्चिम एशिया में जारी उथल-पुथल के बीच केंद्र सरकार द्वारा घरेलू खपत के लिए पेट्रोल-डीजल पर 10 रुपये प्रति लीटर उत्पाद शुल्क में कटौती की गई है। इसके साथ ही डीजल के निर्यात पर 21.5 रुपये प्रति लीटर तथा हवाई ईंधन (एटीएफ) पर 29.5 रुपये प्रति लीटर शुल्क लगाया गया है।
उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार का यह निर्णय पेट्रोल-डीजल की कीमतों को नियंत्रित रखने में सहायक होगा। इससे वैश्विक स्तर पर कच्चे तेल की कीमतों में वृद्धि का सीधा असर भारतीय उपभोक्ताओं पर नहीं पड़ेगा और देश में इन ईंधनों की उपलब्धता भी सुनिश्चित रहेगी।