खरगोन। शहर के जमातखाने में इस्लाहुल मुस्लेमीन चौरिटेबल ट्रस्ट के सहयोग से प्रशासन की एचपीवी टीकाकरण मुहिम के तहत विशेष शिविर आयोजित किया गया। शिविर में बालिकाओं को गंभीर बीमारियों, विशेषकर सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए टीका लगाया गया।
इस दौरान कुल 49 बालिकाओं का टीकाकरण किया गया। चिकित्सकों ने बताया कि एचपीवी वैक्सीन बच्चेदानी के कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से बचाव में अत्यंत प्रभावी है, इसलिए समय पर टीकाकरण कराना जरूरी है।
उन्होंने पालकों से अपील की कि किसी भी भ्रांति या अफवाह पर ध्यान न दें और अपनी बच्चियों को यह टीका अवश्य लगवाएं, ताकि उन्हें भविष्य में गंभीर बीमारियों से सुरक्षित रखा जा सके।
शिविर में जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. हरिश्चंद्र आर्य, जमात सदर आसिफ खान, अयाज खान सहित आशा कार्यकर्ता और आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं ने सक्रिय सहयोग दिया।