खरगोन। शहर के उत्कृष्ट स्कूल परिसर में शनिवार को “संकल्प से समाधान अभियान” के तहत जिला स्तरीय शिविर आयोजित किया गया। शिविर का शुभारंभ विधायक Balakrishna Patidar ने किया।
विधायक ने कहा कि इस अभियान का उद्देश्य शासन की योजनाओं का लाभ हर पात्र व्यक्ति तक पहुंचाना है, ताकि कोई भी हितग्राही वंचित न रह जाए। उन्होंने बताया कि ऐसे शिविर ब्लॉक और जिला स्तर पर आयोजित किए जा रहे हैं।
कार्यक्रम के दौरान विधायक और कलेक्टर भव्या मित्तल ने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण किया। इस दौरान लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ प्रदान किया गया, वहीं स्वयं का रोजगार स्थापित करने वाले उद्यमियों ने अपनी प्रदर्शनी भी लगाई।
हालांकि, शिविर उस समय औपचारिकता जैसा नजर आया, जब विधायक, कलेक्टर सहित अन्य अतिथि कार्यक्रम स्थल से रवाना होते ही कई विभागों के कर्मचारी स्टॉल पर रखा सामान समेटने लगे। कुछ ही मिनटों में कई स्टॉल खाली कर दिए गए, जबकि वहां कई महिला हितग्राही मौजूद थीं।
हालांकि स्वास्थ्य विभाग सहित कुछ अन्य स्टॉलों पर सेवाएं जारी रहीं, लेकिन इस स्थिति ने शिविर की व्यवस्थाओं पर सवाल खड़े कर दिए।