उज्जैन। मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जिला पंचायत श्री श्रेयांस कूमट ने 27 मार्च को अधिकारियों के साथ पंचक्रोशी यात्रा मार्ग का निरीक्षण कर विभिन्न पड़ावों एवं उप-पड़ावों की व्यवस्थाओं का जायजा लिया और आवश्यक निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने पंचक्रोशी यात्रा के प्रमुख पड़ाव करोहन, अम्बोदिया तथा उप-पड़ाव नलवा एवं सोडंग का भ्रमण किया। इस दौरान लोक निर्माण विभाग एवं प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना के अधिकारियों को मार्गों की स्थिति दुरुस्त रखने के निर्देश दिए।
लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग को पड़ाव एवं उप-पड़ावों पर पानी की टंकियों की साफ-सफाई सुनिश्चित करने एवं पेयजल की पर्याप्त व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए। वहीं विद्युत विभाग को समुचित प्रकाश व्यवस्था बनाए रखने के लिए कहा गया।
इसके अलावा मुख्य कार्यपालन अधिकारी ने जनपद पंचायत उज्जैन एवं घट्टिया, महिला एवं बाल विकास विभाग तथा शिक्षा विभाग के अधिकारियों को पंचक्रोशी यात्रा के दौरान सभी व्यवस्थाएं सुचारू रूप से संचालित करने के निर्देश दिए।