उज्जैन। सिंहस्थ 2028 के दौरान लाखों श्रद्धालुओं का आगमन मोक्षदायिनी मां शिप्रा में स्नान के लिए होगा। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए शिप्रा तट पर नए घाट निर्माण का कार्य प्रगतिरत है। वहीं शिप्रा नदी पर बने पुराने घाटों का सुदृढ़ीकरण करने के साथ घाट का सौंदर्यीकरण भी किया जाएगा। शुक्रवार को आयोजित बैठक में नगर निगम द्वारा पुराने घाटों को लेकर तैयार की गई कार्ययोजना पर चर्चा की गई। बैठक में संभागायुक्त सह सिंहस्थ मेला अधिकारी आशीष सिंह, एडीजी राकेश गुप्ता, कलेक्टर रौशन कुमार सिंह, डीआईजी नवनीत भसीन और नगर निगम आयुक्त अभिलाष मिश्रा उपस्थित रहें।
सिंहस्थ मेला कार्यालय के कक्ष में आयोजित बैठक के दौरान नगर निगम द्वारा शिप्रा नदी पर निर्मित पुराने घाटों का सुदृढ़ीकरण और सौंदर्यीकरण कार्य करने की कार्ययोजना प्रस्तुत की गई। बैठक में उपस्थित अधिकारियों ने कार्ययोजना को लेकर चर्चा की। बैठक में बताया गया कि शिप्रा नदी के पुराने घाटों का सुदृढ़ीकरण और सौंदर्यीकरण होने के बाद सिंहस्थ महापर्व के दौरान स्नान के लिए आने वाले श्रद्धालुओं को घाट तक सुगम आवागमन के साथ ही अन्य सुविधाएं भी उपलब्ध होगी।