रतलाम। अनुसूचित जाति एवं जनजाति अत्याचार निवारण अधिनियम के अंतर्गत जिला स्तरीय सतर्कता एवं मॉनिटरिंग समिति की बैठक कलेक्टर मिशा सिंह की अध्यक्षता में कलेक्टर कार्यालय सभाकक्ष में आयोजित की गई।
बैठक में लंबित राहत प्रकरणों की स्थिति की समीक्षा की गई। पुलिस विवेचना में लंबित प्रकरणों को लेकर कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने अजाक थाना प्रभारी को निर्देशित किया कि जाति प्रमाण पत्र के अभाव में लंबित प्रकरणों को सहायक आयुक्त, जनजातीय कार्य विभाग को प्रेषित किया जाए।
सहायक आयुक्त जनजातीय कार्य विभाग को निर्देश दिए गए कि वे एसडीएम वार पत्र जारी कर प्रकरणों को टीएल (टाइम लिमिट) में रखें, ताकि राहत प्रकरणों का त्वरित निष्पादन सुनिश्चित हो सके। इसके साथ ही अन्य जिलों को प्रेषित प्रकरणों की स्थिति आगामी बैठक में प्रस्तुत करने के निर्देश भी दिए गए।
बैठक में विधायक रतलाम ग्रामीण मथुरालाल डामर, जनप्रतिनिधि प्रभु नेका, राजकुमार मालवीय, मधु शिरोडकर, डीएसपी अजाक सारवान, जिला लोक अभियोजन से लच्छु सिंह गोयल, थाना प्रभारी अनुसूचित जाति/जनजाति प्रकोष्ठ पार्वती गौड़ तथा सहायक आयुक्त जनजातीय कार्य रंजना सिंह सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।