नीमच। दिनदहाड़े चाकू और पत्थर से हमला कर लाखों रुपये लूटकर फरार हुए आरोपी को नीमच सिटी पुलिस ने महज दो दिन में गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से लूटी गई पूरी राशि और वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी बरामद कर ली है। पुलिस अधीक्षक अंकित जायसवाल के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नवल सिंह सिसोदिया एवं नगर पुलिस अधीक्षक किरण चौहान के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी निरीक्षक पुष्पा सिंह चौहान के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई।
सरवानिया से कलेक्शन कर नीमच लौट रहा था अकरम-
प्राप्त जानकारी के अनुसार 25 मार्च 2026 को फरियादी महेश चंद्र सिंघल (67) निवासी नीमच ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उनकी दुकान पर कार्यरत कर्मचारी अकरम, जो व्यापारियों से उधारी की राशि संग्रह करता है, वह सरवानिया से नीमच लौट रहा था। इसी दौरान उसके साथ बाइक पर सवार उसका परिचित राधेश्याम भील निवासी डुंगरपुर, थाना रतनगढ़ ने मालखेड़ा रोड स्थित भेरू घाटी के पास पेशाब का बहाना बनाकर उसे रोक लिया।
आरोपी राधेश्याम ने चाकू व पत्थर से हमला कर लूटी थी राशि-
इसके बाद आरोपी ने अकरम पर चाकू व पत्थर से हमला कर दिया और उसके पास मौजूद 3 लाख 18 हजार रुपये से भरा बैग लेकर फरार हो गया। घटना के बाद थाना नीमच सिटी में प्रकरण दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की।
आरोपी चढ़ा हत्थे, लूट की राशि बरामद-
मुखबिर सूचना के आधार पर पुलिस ने 27 मार्च 2026 को आरोपी राधेश्याम उर्फ श्यामु (22) को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के कब्जे से लूटी गई पूरी राशि 3.18 लाख रुपये तथा घटना में प्रयुक्त बिना नंबर की हीरो होंडा मोटरसाइकिल (कीमत लगभग 40 हजार रुपये) बरामद की गई। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक पुष्पा सिंह चौहान, साइबर सेल प्रभारी प्रदीप शिंदे सहित नीमच सिटी थाना एवं साइबर सेल टीम का सराहनीय योगदान रहा।