चित्तौड़गढ़। जिला कलेक्टर के निर्देशन में शहर को स्वच्छ, सुंदर एवं व्यवस्थित बनाने के उद्देश्य से नगर परिषद द्वारा “म्हारो पावन चित्तौड़गढ़” अभियान के अंतर्गत शनिवार को कुंभा नगर स्थित वार्ड क्रमांक 13 में विशेष सफाई अभियान चलाया गया।
अभियान के दौरान स्वच्छता व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने, सौंदर्यीकरण को बढ़ावा देने तथा आमजन में स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाने पर विशेष जोर दिया गया। इस अवसर पर वार्डवासियों से संवाद कर स्वच्छता को जनआंदोलन का रूप देने का आह्वान किया गया।
कार्यक्रम के तहत नागरिकों को प्लास्टिक के उपयोग से बचने हेतु प्रेरित करते हुए लगभग 600 कपड़े के थैलों का वितरण किया गया। साथ ही स्वच्छ एवं सुंदर शहर के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की गई।
अभियान के अंतर्गत वार्ड की सड़कों, नालियों एवं डिवाइडरों की व्यापक सफाई कर विभिन्न स्थानों से कचरा एवं मलबा हटाया गया। कुल मिलाकर करीब 18 टन कचरा एकत्रित कर उसका नियमानुसार निस्तारण किया गया। साथ ही खाली भूखंडों की सफाई कर आवश्यक कार्रवाई भी प्रारंभ की गई।
इसके अतिरिक्त बंद पड़ी स्ट्रीट लाइटों को दुरुस्त करने एवं आवश्यकतानुसार नई लाइटें लगाने का कार्य किया गया। नालों-नालियों पर हुए अतिक्रमण हटाने, पेड़-पौधों की कटाई-छंटाई तथा एमएसआरजीवाई (MSRGY) टीम द्वारा झाड़ियां हटाने जैसे कार्य भी किए गए, जिससे वार्ड में स्वच्छ एवं सुव्यवस्थित वातावरण सुनिश्चित हो सके।
अभियान के दौरान घर-घर कचरा संग्रहण व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने एवं पॉलिथीन के उपयोग से बचने के लिए जन-जागरूकता गतिविधियां भी आयोजित की गईं।
इस अवसर पर नगर परिषद के अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में वार्डवासी उपस्थित रहे।