शाजापुर। मध्यप्रदेश के शाजापुर जिले के शुजालपुर में पुश्तैनी जमीन को लेकर पुराना विवाद अचानक हिंसक झड़प में बदल गया। सड़क पर खुलेआम लाठी-डंडे चले, और पूरा घटनाक्रम कैमरे में कैद हो गया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। अकोदिया-शुजालपुर मार्ग स्थित औद्योगिक क्षेत्र के सामने शनिवार को दो पक्ष आमने-सामने आ गए। बताया जा रहा है कि करीब 15 बिस्वा जमीन को लेकर दोनों परिवारों के बीच पिछले 15 सालों से विवाद चला आ रहा है।
शनिवार को तहसील कार्यालय मार्ग पर एक सहभोज कार्यक्रम के दौरान दोनों पक्षों की भिड़ंत हो गई और देखते ही देखते मामला हिंसक झड़प में बदल गया। करीब 15 मिनट तक चले इस बवाल में दोनों तरफ से जमकर लाठी-डंडे चले। सामने आए वीडियो में लोग एक-दूसरे पर हमला करते नजर आ रहे हैं, वहीं एक युवक बाइक पर बैठकर पिस्टल लोड करता भी दिखाई दे रहा है, जिससे इलाके में दहशत का माहौल बन गया।
इस झड़प में भाजपा पार्षद सईद पटेल के बड़े भाई हाफिज पठान को सिर में गंभीर चोट आई है, जिन्हें शुजालपुर के एक निजी अस्पताल के आईसीयू में भर्ती कराया गया है। इसके अलावा चार अन्य लोग भी घायल हुए हैं, जिनमें से एक को गंभीर हालत में रेफर किया गया है। जानकारी के मुताबिक, पार्षद सईद पटेल का परिवार शुजालपुर सिटी के टीला क्षेत्र में रहता है, जबकि उनके ताऊ का परिवार अकोदिया नाका क्षेत्र में निवास करता है।
इसी पुश्तैनी जमीन को लेकर लंबे समय से दोनों पक्षों में विवाद चला आ रहा था मामले में दोनों पक्षों ने शुजालपुर मंडी थाने में एक-दूसरे के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। एक पक्ष की शिकायत पर लल्लू खां, समीर खां, हसीन खां, वसीम खां, आसू खां और रसूल खां के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।
वहीं दूसरे पक्ष की ओर से 85 वर्षीय रसूल की शिकायत पर हफीज, शादाब, साहिल और भाजपा पार्षद सईद पटेल के खिलाफ थ्प्त् दर्ज की गई है।