मंदसौर। जिले में अपराधियों के खिलाफ सख्त अभियान चलाते हुए मंदसौर पुलिस ने 29 मार्च की रात व्यापक कॉम्बिंग गश्त कर कई अहम कार्रवाई की। इस दौरान पुलिस ने 2 किलो अवैध अफीम जब्त करने के साथ 196 वारंटियों को गिरफ्तार किया।

थाना कोतवाली पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों- जय सोलंकी (निवासी डिगांवमाली, थाना अफजलपुर) एवं पंकज मालवीय (निवासी माल्याखेरखेड़ा, थाना नाहरगढ़) के कब्जे से करीब 2 किलोग्राम अवैध अफीम (कीमत लगभग 3 लाख रुपये) जब्त की। दोनों आरोपियों के खिलाफ धारा 8/18 एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी गई है।

कॉम्बिंग गश्त के दौरान पुलिस ने जिलेभर में कुल 196 वारंटियों को गिरफ्तार किया, जिनमें 117 स्थायी वारंटी एवं 75 गिरफ्तारी वारंटी शामिल हैं। इसके अलावा 183 हिस्ट्रीशीटर, गुंडे एवं जिलाबदर बदमाशों की सघन चेकिंग की गई।

अवैध गतिविधियों पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने 41 प्रकरणों में 41 आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 253.66 लीटर अवैध शराब (कीमत लगभग 64,740 रुपये) जब्त की। वहीं धारा 151 के तहत 8 प्रकरणों में 15 आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की गई। इसके अलावा जुआ-सट्टा के 5 मामलों में 10 आरोपियों से कुल 8,700 रुपये जब्त किए गए।

यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार मीना के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक टी.एस. बघेल एवं हेमलता कुरील के मार्गदर्शन में की गई। कॉम्बिंग गश्त में जिले के सभी थाना एवं चौकी क्षेत्रों की 43 टीमों के 450 से अधिक पुलिस अधिकारी-कर्मचारियों ने भाग लिया।
मंदसौर पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में अपराधियों के खिलाफ इस तरह की सख्त कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।
