भोपाल। महावीर जयंती के सरकारी अवकाश को लेकर बने भ्रम के बीच मध्यप्रदेश शासन ने स्पष्ट आदेश जारी किया है। सामान्य प्रशासन विभाग की 29 मार्च 2026 की अधिसूचना के अनुसार, पहले 31 मार्च को सार्वजनिक अवकाश घोषित किया गया था। सामाजिक संगठनों से मिले ज्ञापनों के बाद शासन ने कलेक्टरों को स्थानीय परिस्थितियों के अनुसार 31 मार्च की जगह 30 मार्च 2026 को अवकाश घोषित करने की अनुमति दी है। सरकार ने स्पष्ट किया है कि जिन जिलों में महावीर जयंती 31 मार्च को ही मनाई जा रही है, वहां पूर्व घोषित अवकाश ही लागू रहेगा और अलग आदेश की आवश्यकता नहीं होगी। भोपाल कलेक्टर कौशलेन्द्र विक्रम सिंह ने आदेश जारी कर 30 मार्च को महावीर जयंती का अवकाश घोषित किया है।