भोपाल। लंबे इंतजार और मंथन के बाद रविवार को मध्यप्रदेश के नगरीय निकायों में एल्डरमैन (मनोनीत पार्षदों) के नामों की घोषणा कर दी गई। राज्य शासन के नगरीय विकास एवं आवास विभाग द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार प्रदेश की 123 नगर परिषदों में मनोनीत पार्षदों की नियुक्ति की गई है।
ये नियुक्तियां मध्यप्रदेश नगर पालिका अधिनियम, 1961 की धारा 19 (1) (ग) के तहत की गई हैं। नवनियुक्त एल्डरमैन का कार्यकाल संबंधित नगर परिषद के वर्तमान कार्यकाल के साथ ही समाप्त होगा या फिर शासन के आगामी आदेश तक प्रभावी रहेगा।
प्रत्येक नगर परिषद में अधिकतम 4 एल्डरमैन नियुक्त किए गए हैं।
25 जिलों की पहली सूची जारी
सरकार ने फिलहाल 25 जिलों की 123 नगर परिषदों के लिए पहली सूची जारी की है। इनमें शामिल जिले हैं- सागर, रीवा, मऊगंज, शहडोल, उमरिया, कटनी, डिंडोरी, नरसिंहपुर, बालाघाट, सिवनी, छिंदवाड़ा, पांढुर्णा, नर्मदापुरम, हरदा, बैतूल, बुरहानपुर, खरगोन, बड़वानी, आलीराजपुर, झाबुआ, धार, देवास, रतलाम, मंदसौर और नीमच।
चंबल और बुंदेलखंड में सूची होल्ड
चंबल और बुंदेलखंड क्षेत्र के कई नगर निकायों में नामों को लेकर सहमति नहीं बन पाने के कारण फिलहाल वहां की सूची रोक दी गई है। बताया जा रहा है कि इन क्षेत्रों के लिए जल्द ही अलग से सूची जारी की जाएगी।
सबसे निचली इकाई से शुरुआत
एल्डरमैन नियुक्तियों की शुरुआत नगरीय निकायों की सबसे शुरुआती इकाई यानी नगर परिषद से की गई है। माना जा रहा है कि इसके बाद नगर पालिका और नगर निगम स्तर पर भी इसी तरह की नियुक्तियां की जा सकती हैं।
सरकार के इस फैसले को नगरीय निकायों में प्रशासनिक और राजनीतिक संतुलन साधने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।