चित्तौड़गढ़। आमजन की समस्याओं के त्वरित समाधान एवं प्रभावी जनसुनवाई सुनिश्चित करने के उद्देश्य से शुक्रवार रात्रि को पंचायत समिति भूपालसागर की ग्राम पंचायत गूंदली में रात्रि चौपाल का आयोजन किया गया। इस चौपाल में कपासन विधायक अर्जुन लाल जीनगर एवं अतिरिक्त जिला कलक्टर प्रभा गौतम उपस्थित रहे।
रात्रि चौपाल के दौरान अतिरिक्त जिला कलक्टर ने ग्रामीणों की विभिन्न समस्याओं को गंभीरता से सुना तथा कई प्रकरणों का मौके पर ही समाधान किया। शेष मामलों के शीघ्र निस्तारण के लिए संबंधित विभागीय अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए।
चौपाल में खेत तक रास्ता उपलब्ध कराने, अतिक्रमण हटाने, पेंशन प्रारंभ कराने, पट्टा जारी करने सहित विभिन्न समस्याओं पर सुनवाई की गई। इस अवसर पर प्रतिभावान विद्यार्थियों का सम्मान भी किया गया।
कार्यक्रम में अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी राकेश पुरोहित, उपखंड अधिकारी महेश गागोरिया, विकास अधिकारी सहित विभिन्न जनप्रतिनिधि, जिला एवं ब्लॉक स्तरीय अधिकारी तथा बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।