शहडोल। एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है, जहां इंदौर जैसी घटना ने एक बार फिर ई-वाहनों की सुरक्षा पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं। चार्जिंग में लगी एक ई-स्कूटी अचानक आग का गोला बन गई और देखते ही देखते महिला बाल विकास विभाग की सुपरवाइजर के घर को अपनी चपेट में ले लिया, कुछ ही दिनों बाद बेटी की शादी होनी थी, लेकिन उससे पहले ही आग ने दो बाइक, जेवर, कैश और शादी की सारी तैयारियों को राख कर दिया,इस भयावह आग में एक्वेरियम की मछलियां तक नहीं बच सकीं।
अमलाई थाना क्षेत्र के धनपुरी वार्ड नंबर 12 में बीती रात सुपरवाइजर सुनीता रजक के घर यह बड़ा हादसा हुआ, घर के पहले कमरे में चार्जिंग पर लगी ई-स्कूटी की बैटरी में अचानक जोरदार ब्लास्ट हुआ, जिसके बाद आग ने विकराल रूप धारण कर लिया, लपटें इतनी तेज थीं कि घर का मुख्य द्वार और इलेक्ट्रिक मीटर भी चपेट में आ गए, आग की गर्मी और धुएं से घबराकर परिवार को दीवार फांदकर अपनी जान बचानी पड़ी, किचन में रखे दो गैस सिलेंडर भी आग की जद में आ गए थे, लेकिन पड़ोसियों की मदद से समय रहते उन्हें बाहर निकाल लिया गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया,इस आग में दो बाइक, ई-स्कूटी, लाखों के जेवर, करीब दो लाख रुपये नकद और 21 अप्रैल को होने वाली शादी का पूरा सामान जलकर खाक हो गया, आग की भयावहता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि घर में रखा एक्वेरियम और उसमें मौजूद मछलियां भी जल गईं, वहीं मंदिर की प्रतिमाएं भी नहीं बच सकीं, करीब 5 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया, लेकिन तब तक परिवार के सपने राख में बदल चुके थे।
वही इस पूरे मामले अमलाई थाना प्रभारी भूपेंद्र मणि पाण्डेय ने जानकारी देते हुए बताया कि थाना क्षेत्र के अमराडंडी में एक महिला के घर अज्ञात कारणों से आग लगी थी, आगजनी कायम कर मामले की जांच की जा रही है।