भोपाल। मध्य प्रदेश के पूर्व कानून मंत्री पीसी शर्मा की बहू और महिला कांग्रेस नेत्री रुपाली शर्मा ने महिला उत्पीड़न को लेकर बीजेपी नेताओं पर हमला बोला। भोपाल में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर रूपाली शर्मा ने कहा कि सरकार बेटी बचाओ और बेटी पढ़ाओ की बात करती है, लेकिन महिलाओं के खिलाफ अपराध क्यों नहीं कम करती है।
भाजपा नेताओं की बहुत लंबी लिस्ट है जिनका महिला उत्पीड़न में नाम है। सरकार इस पर चुप्पी साधे हुए है। कुलदीप सिंह सेंगर, बृजभूषण शरण सिंह, पूर्व खेल मंत्री संदीप सिंह और अतुल चौरसिया जैसे नेताओं पर कार्रवाई की मांग की। आदिवासी महिलाओं के बलात्कार का भी मुद्दा उठाया।
उन्होंने कहा कि महिलाओं के साथ चलती गाड़ी में रेप हो रहे हैं, सरकार कुछ नहीं कर रही है। उन्होंने सरकार से सवाल किया कि भाजपा के नेताओं के नाम ही क्यों उत्पीड़न में सामने आ रहे हैं।
कांग्रेस नेताओं पर भी होगी कार्रवाई
रुपाली शर्मा ने कहा कि अगर महिला उत्पीड़न में कांग्रेस नेताओं के नाम आते हैं तो उन पर कांग्रेस कार्रवाई करेगी। दरअसल, एसोसिएशन फॉर डेमोक्रेटिक रिफॉर्म्स के 2024 के आंकड़ों के मुताबिक 151 सांसद और विधायकों पर महिला उत्पीड़न के केस दर्ज हैं, जिसमें 54 भाजपा के तो 23 कांग्रेस के विधायक शामिल हैं। इस सवाल पर रूपाली शर्मा ने कहा कोर्ट में जो भी दोषी पाए जाते हैँ वो किसी भी दल के हों उनपर सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।