नीमच। नगर पालिका परिषद नीमच की मुख्य नगर पालिका अधिकारी दुर्गा बामनिया ने गुरुवार 9 अप्रैल को शहर में विभिन्न शासकीय योजनाओं के अंतर्गत चल रहे निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया। इस दौरान उनके साथ इंजीनियर दीपक मुवेल एवं लोक निर्माण शाखा के कर्मचारी मौजूद रहे।
निरीक्षण के दौरान सीएमओ ने संबंधित ठेकेदारों को निर्देश दिए कि सभी कार्य गुणवत्ता के साथ समय-सीमा में पूर्ण किए जाएं।
सबसे पहले उन्होंने नीमच सिटी स्थित सांवरिया जी मंदिर के पास सीएम मॉनिट योजना के अंतर्गत चल रहे नाला सौंदर्यीकरण कार्य का निरीक्षण किया। यहां उन्होंने पुलिया का शेष कार्य शीघ्र पूर्ण करने तथा बगीचे के आसपास रेलिंग लगाने के निर्देश दिए।
इसके बाद सीएमओ दुर्गा बामनिया ग्वालटोली तलैया पहुंचीं, जहां अमृत-2 योजना के तहत संचालित वाटर बॉडी प्रोजेक्ट का निरीक्षण किया। उन्होंने कार्य में तेजी लाते हुए इसे जल्द पूर्ण करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के क्रम में वे राठौर पार्क (नीमच सिटी) के पीछे बने संजीवनी क्लिनिक और डोम का जायजा लेने भी पहुंचीं। यहां उन्होंने नगर पालिका इंजीनियर को निर्देश दिए कि तैयार हो चुके संजीवनी क्लिनिक भवन को शीघ्र नगर पालिका को हस्तांतरित किया जाए। साथ ही डोम के सामने साफ-सफाई कराने और पेवर ब्लॉक लगाने के निर्देश भी दिए।
इस दौरान लोक निर्माण शाखा के लिपिक अब्दुल नईम, अर्जुन सिंह राठौर एवं बगीचा शाखा प्रभारी महावीर जैन भी उपस्थित रहे।