नीमच। शहर को स्वच्छ, सुंदर और स्वस्थ बनाने के उद्देश्य से नगर पालिका नीमच द्वारा एक प्रभावशाली स्वच्छता जागरूकता वाहन रैली का आयोजन किया गया।
रैली का शुभारंभ बंगला नंबर 60 स्थित पुरानी नगर पालिका कार्यालय से हुआ। यह रैली टैगोर मार्ग, फव्वारा चौक, शोरूम चौराहा, अंबेडकर मार्ग, एलआईसी चौराहा एवं समता मार्ग से होते हुए पुनः प्रारंभ स्थल पर पहुंचकर संपन्न हुई।
करीब 25 डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण वाहनों से सजी इस रैली के माध्यम से नागरिकों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया गया। रैली के दौरान गीले एवं सूखे कचरे को अलग-अलग रखने, कचरा सड़कों पर न फेंकने तथा निर्धारित वाहनों में ही डालने की अपील की गई।
नगर पालिका अधिकारी अर्पण गिरी ने बताया कि यह आयोजन स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत शासन के निर्देशानुसार किया गया है। उन्होंने कहा कि स्वच्छता केवल अभियान नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है।
रैली के माध्यम से नागरिकों से अपील की गई कि वे नीमच को स्वच्छता के क्षेत्र में आदर्श शहर बनाने में सक्रिय भागीदारी निभाएं।