चित्तौड़गढ़। जिला कांग्रेस कमेटी द्वारा भारत रत्न एवं संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर की 135वीं जयंती श्रद्धा एवं सम्मान के साथ मनाई गई। कार्यक्रम जिला अध्यक्ष प्रमोद सिसोदिया की अध्यक्षता में स्टेशन रोड स्थित जिला कांग्रेस कार्यालय में आयोजित हुआ।
कार्यक्रम के दौरान विचार गोष्ठी आयोजित कर बाबा साहब के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित की गई। जिला महामंत्री अहसान पठान ने जानकारी देते हुए बताया कि इस अवसर पर वक्ताओं ने बाबा साहब के योगदान को याद करते हुए उनके विचारों को आत्मसात करने का आह्वान किया।
जिला अध्यक्ष प्रमोद सिसोदिया ने कहा कि डॉ. अंबेडकर ने संविधान के माध्यम से देश के प्रत्येक नागरिक को समानता का अधिकार प्रदान किया तथा लोकतंत्र को सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उन्होंने कहा कि बाबा साहब एक महान विधिवेत्ता, अर्थशास्त्री, समाज सुधारक एवं स्वतंत्र भारत के प्रथम कानून मंत्री थे। उन्होंने समाज के कमजोर वर्गों के उत्थान के लिए आरक्षण व्यवस्था लागू कर सामाजिक न्याय की नींव मजबूत की।
कार्यक्रम में विभिन्न वक्ताओं ने बाबा साहब के जीवन, संघर्ष और उनके द्वारा किए गए सामाजिक सुधारों पर प्रकाश डाला। साथ ही उनके विचारों को आज के समय में प्रासंगिक बताते हुए उन्हें अपनाने की आवश्यकता पर जोर दिया गया।
इस अवसर पर कांग्रेस के विभिन्न पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं कार्यकर्ता बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन जिला महामंत्री अहसान पठान ने किया।