मंदसौर। मध्यप्रदेश शासन द्वारा चलाए जा रहे नशा मुक्ति अभियान के तहत थाना नाहरगढ़ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए नशे के अवैध कारोबार का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने 500 ग्राम एमडी ड्रग्स और 5 किलोग्राम डोडाचूरा सहित दो तस्करों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार मीणा के निर्देश, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक तेर सिंह बघेल तथा एसडीओपी मंदसौर कीर्ति बघेल के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक वरुण तिवारी की टीम द्वारा यह कार्रवाई की गई।
घटना 20 अप्रैल 2026 की है, जब मुखबिर की सूचना पर थाना नाहरगढ़ पुलिस ने डिगांव कचनारा रोड स्थित हनुमान मंदिर के पास शक्करखेड़ी गांव के समीप कार्रवाई की। इस दौरान सुजुकी एक्सेस स्कूटर (क्रमांक एमपी 14 जीई 4253) को रोका गया, जिस पर दो व्यक्ति सवार थे।
पूछताछ में एक आरोपी ने अपना नाम अय्यूब पिता अफजल खान पठान (23 वर्ष), निवासी दौलतपुरा, थाना वाय.डी. नगर, जिला मंदसौर बताया। वहीं दूसरा आरोपी सोहेल पिता अब्दुल खान (21 वर्ष), निवासी बालागंज, जिला मंदसौर पाया गया।
तलाशी के दौरान स्कूटर पर रखे बैग से 500 ग्राम एमडी ड्रग्स और 5 किलोग्राम डोडाचूरा बरामद किया गया। इसके अलावा घटना में प्रयुक्त स्कूटी भी जब्त की गई है।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ धारा 8/15 व 22 एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। आरोपियों से पूछताछ जारी है।
इस कार्रवाई को नशा मुक्ति अभियान के तहत एक बड़ी सफलता माना जा रहा है, जिसमें थाना नाहरगढ़ पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका रही।