नीमच। मादक पदार्थों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस थाना रतनगढ़ की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए ग्राम आलोरी गरवाड़ा में खेत में छिपाकर रखे 101 किलोग्राम अवैध डोडाचूरा एवं 15 किलो 500 ग्राम पोस्तदाना बरामद किया है। मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
यह कार्रवाई पुलिस मुख्यालय भोपाल द्वारा चलाए जा रहे प्रदेशव्यापी नशा विरोधी अभियान के अंतर्गत की गई। उप पुलिस महानिरीक्षक रतलाम रेंज निमिष अग्रवाल, पुलिस अधीक्षक नीमच अंकित जायसवाल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नवलसिंह सिसौदिया एवं एसडीओपी जावद रोहित राठौर के मार्गदर्शन में थाना रतनगढ़ पुलिस एवं साइबर सेल टीम ने संयुक्त रूप से यह सफलता हासिल की।
पुलिस को 20-21 अप्रैल की रात मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई, जिसके आधार पर ग्राम आलोरी गरवाड़ा स्थित खेत में दबिश दी गई। यहां से आरोपी राहुल (24), समीर मंसूरी (25) एवं अयान (22) के कब्जे से 101 किलोग्राम डोडाचूरा एवं 15.5 किलोग्राम पोस्तदाना बरामद किया गया।
बरामद मादक पदार्थ को एनडीपीएस अधिनियम 1985 के तहत जब्त कर आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। प्रारंभिक जांच में आरोपियों द्वारा उक्त मादक पदार्थ चोरी करना सामने आया है। मामले की विस्तृत जांच जारी है।
जब्त सामग्री-
- 101 किलोग्राम डोडाचूरा (कीमत लगभग 10 लाख रुपये)
- 15 किलो 500 ग्राम पोस्तदाना (कीमत लगभग 19,375 रुपये)
इस कार्रवाई में थाना रतनगढ़ पुलिस एवं साइबर सेल की महत्वपूर्ण भूमिका रही।