मंदसौर। शहर में एक युवती को नशीला पदार्थ देकर दुष्कर्म करने, अश्लील वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करने तथा विरोध करने पर चाकू से हमला करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार पीड़िता (परिवर्तित नाम) ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि वह ब्राइडल इवेंट से जुड़े कार्य में है। करीब चार वर्ष पूर्व उसकी पहचान जुनैद नामक युवक से हुई थी, जिसके बाद दोनों में बातचीत होने लगी। पीड़िता का आरोप है कि इसी दौरान आरोपी ने एक दिन रजनीगंधा में नशीला पदार्थ मिलाकर उसे खिलाया और बेहोशी की हालत में उसके साथ दुष्कर्म किया। साथ ही, आरोपी ने आपत्तिजनक वीडियो भी बना लिया।
घटना के बाद पीड़िता ने आरोपी से संपर्क समाप्त कर दिया। हालांकि 18 अप्रैल 2026 को आरोपी ने उसका मोबाइल नंबर प्राप्त कर वही आपत्तिजनक वीडियो भेजकर उसे ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया। वीडियो हटाने की बात कहने पर आरोपी ने आखिरी बार मिलने की शर्त रखी।
पीड़िता 20 अप्रैल को वीडियो डिलीट करवाने के लिए यश बालाजी क्षेत्र में आरोपी से मिलने पहुंची। वहां से आरोपी उसे अपने एक परिचित के कमरे पर ले गया, जहां उसने पुनः अश्लील हरकतें करते हुए जबरन संबंध बनाने की कोशिश की। विरोध करने पर आरोपी ने चाकू से हमला कर पीड़िता के हाथ में चोट पहुंचाई। इसके बाद पीड़िता किसी तरह मौके से भाग निकली।
पुलिस ने मामले में आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में प्रकरण दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। मामले की जांच जारी है।