नीमच। नशा विरोधी अभियान के तहत पुलिस चौकी सरवानिया महाराज ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 52 किलो 500 ग्राम अवैध मादक पदार्थ डोडाचूरा जब्त कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है, जबकि सप्लायर को भी सह-आरोपी बनाया गया है।
यह कार्रवाई पुलिस मुख्यालय भोपाल के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक अंकित जायसवाल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नवलसिंह सिसोदिया एवं एसडीओपी जावद रोहित राठौर के मार्गदर्शन में की गई।
पुलिस को 21 अप्रैल 2026 को मुखबिर से सूचना मिली, जिसके आधार पर ग्राम मोरवन-लासुर रोड स्थित धामनिया फंटा पर दबिश दी गई। यहां इग्निस कार क्रमांक आरजे 22 सीसी 6609 से तीन प्लास्टिक कट्टों में भरा 52.5 किलो डोडाचूरा बरामद किया गया।
मौके से जोधपुर (राजस्थान) निवासी मदनलाल विश्नोई (27) को गिरफ्तार किया गया। वहीं अवैध मादक पदार्थ उपलब्ध कराने वाले विक्रम सिंह बोराना, निवासी विसनिया (नीमच) को भी आरोपी बनाया गया है, जो फिलहाल फरार है।
पुलिस ने डोडाचूरा एवं कार सहित करीब 6.70 लाख रुपये का मशरूका जब्त कर एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। प्रकरण की जांच जारी है।