इंदौर/मंदसौर। “नशे पर प्रहार” अभियान के तहत नारकोटिक्स सेल इंदौर एवं नारकोटिक्स सेल प्रकोष्ठ मंदसौर की संयुक्त टीम ने तीन वर्षों से फरार चल रहे 20 हजार रुपये के इनामी आरोपी हरिराम विश्नोई को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है।
यह कार्रवाई पुलिस महानिदेशक कैलाश मकवाना के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (नारकोटिक्स) डी. श्रीनिवास वर्मा के मार्गदर्शन तथा उप-पुलिस महानिरीक्षक नारकोटिक्स विंग इंदौर महेश चंद जैन के नेतृत्व में की गई। उप-पुलिस अधीक्षक संतोष हाडा के नेतृत्व में टीम ने 22 अप्रैल 2026 को आरोपी को गिरफ्तार किया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, थाना नारकोटिक्स सेल इंदौर के अपराध क्रमांक 04/23, धारा 8/18, 29, 25 एनडीपीएस एक्ट के तहत आरोपी हरिराम पिता भैयाराम विश्नोई, निवासी कारावड़ी, थाना झाब, तहसील सांचौर, जिला जालौर (राजस्थान) पिछले तीन वर्षों से फरार चल रहा था।
गौरतलब है कि 28 अप्रैल 2023 को महू-नीमच फोरलेन रोड पर नारकोटिक्स टीम ने एक ट्रक से 80 किलोग्राम अवैध अफीम बरामद कर आरोपी सुजानाराम को गिरफ्तार किया था। पूछताछ के दौरान हरिराम विश्नोई का नाम सामने आया था, जिसके बाद से उसकी तलाश की जा रही थी।
पुलिस के अनुसार, आरोपी लंबे समय तक मणिपुर के इम्फाल में छिपा रहा और हाल ही में उसकी लोकेशन राजस्थान क्षेत्र में मिली। मुखबिर तंत्र की मदद से टीम ने लगातार निगरानी करते हुए चार दिनों के विशेष अभियान के बाद आरोपी को गिरफ्तार किया।
इस कार्रवाई में निरीक्षक राकेश चौधरी, निरीक्षक भारत चावड़ा, उपनिरीक्षक अजय कुमार शर्मा, आरक्षक अभिषेक द्विवेदी, प्रदीप पाल, विवेक कुशवाह, इंद्रेश भदोरिया एवं योगेश कदम का सराहनीय योगदान रहा।
वरिष्ठ अधिकारियों ने टीम की सराहना करते हुए घोषित इनाम प्रदान करने की घोषणा की तथा सफल कार्रवाई के लिए बधाई दी।