नीमच। जेतपूरा फंटा के समीप धानुका फैक्ट्री के सामने सड़क पार कर रही एक गाय को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि गाय गंभीर रूप से घायल होकर वहीं गिर पड़ी और उसकी मृत्यु हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय गौसेवक मौके पर पहुंचे, जहां गाय सड़क पर मृत अवस्था में पड़ी मिली। इसके बाद गौसेवक मितेश अहीर एवं अंकित जोशी ने धानुका फैक्ट्री की जेसीबी की मदद से पास में गड्ढा खुदवाकर गाय का विधिवत अंतिम संस्कार कराया।
प्राथमिक जानकारी के अनुसार मृत गाय किसी स्थानीय किसान की थी, जो हाईवे पार कर रही थी। गौसेवकों ने गाय के कान में लगे टैग के आधार पर मालिक की पहचान करने का प्रयास किया, लेकिन टैग नंबर से स्पष्ट जानकारी प्राप्त नहीं हो सकी।
इस मामले में गौसेवकों ने पशु टैगिंग व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि कई मामलों में टैग में दर्ज नाम या मोबाइल नंबर गलत पाए जाते हैं, जिससे पशु मालिक की पहचान करना मुश्किल हो जाता है।
इस सेवा कार्य में विक्रम सिंह सोनगरा, कन्हैयालाल मेघवाल, गोविंद कुशवाह सहित अन्य राहगीरों का भी सहयोग रहा।