नीमच। थाना नीमच कैंट एवं सायबर सेल की संयुक्त कार्रवाई में पुलिस ने मोबाइल के जरिए आईपीएल क्रिकेट सट्टा संचालित कर रहे दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 3 मोबाइल फोन, 2400 रुपये नगद, लाखों रुपये का सट्टा हिसाब तथा एक वेन्यू कार जब्त की गई है।
पुलिस अधीक्षक अंकित जायसवाल के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। मुखबिर सूचना पर पुलिस टीम ने स्कूली ग्राउंड क्षेत्र में दबिश देकर मोहम्मद सलीम (55) निवासी मुलचंद मार्ग नीमच और फरीद अंसारी (42) निवासी बघाना को पकड़ा। दोनों आरोपी आईपीएल मैच के दौरान मोबाइल के जरिए सट्टा लिखते पाए गए।
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी कार में घूमकर लोगों को मैच के भाव बताकर अवैध सट्टा संचालित कर रहे थे तथा अन्य साथियों के माध्यम से सट्टा राशि का लेन-देन कर रहे थे।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ सट्टा अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया है तथा अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है।
इस कार्रवाई में थाना नीमच कैंट पुलिस व सायबर सेल की टीम की अहम भूमिका रही।