प्रतापगढ़। नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली के प्रतापगढ़ आगमन पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उनका भव्य स्वागत किया। ब्लॉक कांग्रेस कार्यालय पहुंचने पर कार्यकर्ताओं ने फूलमालाओं एवं साफा पहनाकर उनका अभिनंदन किया।
इस अवसर पर आयोजित बैठक में टीकाराम जूली ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए संगठन को मजबूत करने, आमजन की समस्याओं को प्राथमिकता से उठाने तथा आगामी चुनावों को लेकर अभी से तैयारी में जुटने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता ही पार्टी की असली ताकत हैं और उन्हें जमीनी स्तर पर सक्रिय रहकर जनता से जुड़े रहना चाहिए।
बैठक में घनश्याम पुरी, दिविजयसिंह, भानुप्रताप सिंह राणावत, नगराज मीणा, रामलाल मीणा, महिला जिला अध्यक्ष नेहा शर्मा, पूर्व महिला जिला अध्यक्ष लता शर्मा सहित कई वरिष्ठ नेता एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
नेता प्रतिपक्ष ने धरियावद क्षेत्र में रहस्यमयी बीमारी से बच्चों की मौत पर चिंता व्यक्त करते हुए सरकार की स्वास्थ्य व्यवस्थाओं पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि आमजन को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिक जिम्मेदारी है।
बैठक में संगठन की वर्तमान गतिविधियों, बूथ स्तर की मजबूती एवं भविष्य की रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई। साथ ही स्थानीय मुद्दों- पेयजल, सड़क, बिजली और किसानों की समस्याओं को लेकर भी विचार-विमर्श हुआ।
पत्रकारों के सवालों का जवाब देते हुए टीकाराम जूली ने क्रिटिकल वार्ड के मुद्दे पर प्रतिक्रिया दी तथा प्रदेश की शिक्षा व्यवस्था को लेकर शिक्षा मंत्री पर निशाना साधते हुए कहा कि सरकार हर मोर्चे पर विफल साबित हो रही है।