नीमच। शहर में कुचबंदिया गिहारा समाज द्वारा माता महारानी मरी माता का वार्षिकोत्सव भव्य एवं श्रद्धामय वातावरण में मनाया जा रहा है। 29 एवं 30 अप्रैल को आयोजित इस दो दिवसीय उत्सव ने समाजजनों में भक्ति और उल्लास का वातावरण बना दिया है।
कार्यक्रम के प्रथम दिवस विनोबागंज मोहल्ले में भव्य सभा का आयोजन किया गया, जिसमें क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों एवं गणमान्य नागरिकों की गरिमामयी उपस्थिति रही। सभा में सांसद सुधीर गुप्ता, विधायक दिलीप सिंह परिहार, पूर्व नपा अध्यक्ष राकेश ‘पप्पू’ जैन, वरिष्ठ नेता संतोष चोपड़ा, जिला भाजपा उपाध्यक्ष आदित्य मालू सहित समाज के अनेक पदाधिकारी उपस्थित रहे।
सभा के पश्चात निकला भव्य चल समारोह आकर्षण का केंद्र रहा। बैंड-बाजों, ढोल-नगाड़ों एवं जयकारों के बीच श्रद्धालु भक्ति गीतों पर झूमते नजर आए। पूरे मार्ग पर उत्साह, ऊर्जा और आस्था का अनूठा संगम देखने को मिला।
विशेष बात यह रही कि वार्षिकोत्सव में देश के विभिन्न हिस्सों से समाजजन बड़ी संख्या में नीमच पहुंचे, जिससे आयोजन की भव्यता और बढ़ गई।
उत्सव के दूसरे दिन महू रोड स्थित मरी माता मंदिर में विधि-विधान से हवन-पूजन एवं महाप्रसादी का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु धर्मलाभ ले रहे हैं। कार्यक्रम का संचालन दीपक खताबिया द्वारा किया गया।