गरोठ। बोलिया रोड स्थित अभिनव वेयरहाउस में गेहूं की तुलाई नहीं होने से नाराज किसानों ने बुधवार को चक्काजाम कर विरोध प्रदर्शन किया।
जानकारी के अनुसार वेयरहाउस में किसानों की उपज की तुलाई बंद होने से लंबे समय से इंतजार कर रहे किसानों का आक्रोश बढ़ गया। इसके बाद किसानों ने सड़क पर उतरकर चक्काजाम कर दिया, जिससे यातायात प्रभावित हुआ।
किसानों का कहना है कि समय पर तुलाई नहीं होने से उन्हें परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने प्रशासन से तत्काल तुलाई शुरू कराने की मांग की है।
चक्काजाम की सूचना मिलते ही प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी मौके के लिए रवाना हो गए। स्थिति को नियंत्रित करने एवं किसानों से चर्चा कर समाधान निकालने के प्रयास किए जा रहे हैं।