मंदसौर। जिले के पिपलिया राठौर गांव के एक युवक की गुजरात में ट्रेन से गिरने से दर्दनाक मौत हो गई। हादसा आनंद और वसाड़ रेलवे स्टेशन के बीच हुआ। युवक अपने दो दोस्तों के साथ अहमदाबाद जा रहा था।
जानकारी के अनुसार पिपलिया राठौर निवासी दशरथ सिंह अपने मित्र दिलीप सिंह और देवेंद्र सिंह के साथ अहमदाबाद के लिए रवाना हुए थे। तीनों दोस्त घूमने, इलाज कराने तथा आईपीएल मैच देखने के उद्देश्य से गए थे। वे नागदा से शाम करीब 6 बजे साबरमती ट्रेन में सवार हुए थे।
बताया जा रहा है कि बुधवार-गुरुवार की दरमियानी रात करीब 3 बजे दशरथ सिंह नींद से उठकर वॉशरूम जाने के लिए सीट से उठे। इसी दौरान वह ट्रेन के दरवाजे के पास से नीचे गिर गए। उस समय उनके दोनों साथी सो रहे थे, इसलिए घटना की जानकारी नहीं हो सकी।
सुबह ट्रैक पर मिला शव-
ट्रेन जब आनंद रेलवे स्टेशन पहुंची तो दोस्तों ने दशरथ सिंह को तलाश किया, लेकिन वह ट्रेन में नहीं मिले। इसके बाद उन्होंने तत्काल खोजबीन शुरू की। रातभर प्लेटफॉर्म एवं आसपास के क्षेत्रों में तलाश की गई, लेकिन उनका पता नहीं चल सका।
गुरुवार सुबह करीब 9 बजे आनंद और वसाड़ रेलवे स्टेशन के बीच रेलवे ट्रैक के पास दशरथ सिंह का शव बरामद हुआ, जो खून से सना हुआ था।
सूचना मिलने पर गुजरात रेलवे पुलिस दोपहर करीब 2 बजे मौके पर पहुंची। पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया गुजरात में ही की जा रही है। इसके बाद शव परिजनों को सौंपकर मंदसौर लाया जाएगा।