धाऊखेड़ी। मानवता की मिसाल पेश करते हुए गांव धाऊखेड़ी के युवा देवीलाल गुर्जर (एमपीईबी) ने 15वीं बार रक्तदान कर जरूरतमंद मरीज को जीवनदान देने का सराहनीय कार्य किया है। उनके इस सेवाभाव से क्षेत्र में सकारात्मक संदेश गया है।
देवीलाल गुर्जर हमेशा समाजसेवा के कार्यों में सक्रिय रहते हैं और आवश्यकता पड़ने पर बिना किसी हिचकिचाहट के रक्तदान करते हैं। उनका कहना है कि रक्तदान सबसे बड़ा दान है, जिससे किसी जरूरतमंद की जान बचाई जा सकती है।
इस अवसर पर सुनील गुर्जर (एमपीईबी), धाऊखेड़ी ने उनके इस कार्य की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे युवा समाज के लिए प्रेरणास्रोत हैं और अधिक से अधिक लोगों को रक्तदान के लिए आगे आना चाहिए। गांव सहित आसपास के क्षेत्र में देवीलाल गुर्जर के इस सराहनीय कार्य की खूब प्रशंसा हो रही है।