नीमच। नगर के हृदय स्थल घंटाघर स्थित नृसिंह मंदिर में बीती रात नृसिंह जयंती का पर्व अत्यंत श्रद्धा, भव्यता और उल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर भगवान नृसिंह की दिव्य लीलाओं का सजीव मंचन किया गया, जिसे देखने के लिए श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा। मंदिर परिसर “नृसिंह भगवान की जय” के गगनभेदी जयकारों से गुंजायमान हो उठा और पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया।
गोधूलि बेला में मंचित लीला के दौरान भक्त प्रह्लाद की रक्षा के लिए खंभ से भगवान नृसिंह के प्रकट होने का दृश्य प्रस्तुत किया गया, जिसे देखकर श्रद्धालु भाव-विभोर हो उठे। खंभ फाड़कर प्रकट होते भगवान का दृश्य रोमांच, आस्था और श्रद्धा का अनुपम संगम बन गया। इसके पश्चात अत्याचारी हिरण्यकश्यप के वध का सजीव चित्रण किया गया, जिसे उपस्थित श्रद्धालुओं ने भावपूर्ण रूप से देखा।
कार्यक्रम में मंच पर भगवान नृसिंह को विधिवत विराजित कर उनकी गोद में भक्त प्रह्लाद को बैठाया गया, जो श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहा। इसके उपरांत विधि-विधान से महाआरती का आयोजन किया गया, जिसमें सैकड़ों श्रद्धालुओं ने भाग लेकर पुण्य लाभ अर्जित किया।
मंदिर परिसर को रंग-बिरंगी रोशनी एवं आकर्षक पुष्प सज्जा से सुसज्जित किया गया था, जिससे पूरा वातावरण अलौकिक और दिव्य प्रतीत हो रहा था। श्रद्धालु भजन-कीर्तन में लीन होकर भगवान नृसिंह के जयकारे लगाते नजर आए।
कार्यक्रम की सफलता में श्रद्धालुओं, युवाओं एवं मंदिर समिति का विशेष योगदान रहा। अंत में सभी श्रद्धालुओं को प्रसादी का वितरण किया गया।