नीमच। आस्था और सनातन परंपरा की भव्य छटा के बीच महायोगी योगेश्वर श्री गोरखनाथ जी का प्रकटोत्सव पूरे देश की तरह नीमच में भी श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का आयोजन योगीराज राजगुरु नाथ समाज कल्याण समिति एवं समस्त राजगुरु नाथ समाज के संयुक्त तत्वावधान में किया गया।
सुबह किलेश्वर महादेव मंदिर से आरती के साथ भव्य शोभायात्रा का शुभारंभ हुआ। शोभायात्रा में खाटू श्याम मंदिर से मातृशक्ति द्वारा कलश लेकर शामिल होने से आयोजन की गरिमा और बढ़ गई। धार्मिक ध्वजों और जयकारों के बीच शोभायात्रा घंटाघर, बारादरी और कमल चौक होते हुए पुनः किलेश्वर महादेव मंदिर पहुंची, जहां गुरु गोरखनाथ जी की महाआरती श्रद्धाभाव से संपन्न हुई।
पूरे आयोजन में संत-महात्माओं का सान्निध्य एवं आशीर्वाद प्राप्त हुआ। आयोजकों ने बताया कि इस पर्व का उद्देश्य सनातन धर्म की महिमा को जन-जन तक पहुंचाना तथा समाज में एकता, संस्कार और आध्यात्मिक चेतना का संचार करना है।
कार्यक्रम के अंतर्गत समाज के मेधावी छात्र-छात्राओं का सम्मान भी किया जाएगा। इसके पश्चात महाप्रसादी का आयोजन होगा। पूरे कार्यक्रम में श्रद्धालुओं की बड़ी संख्या में उपस्थिति रही। पूरा मार्ग “जय गुरु गोरखनाथ” के जयकारों और भक्ति गीतों से गूंज उठा।