रामपुरा। नीमच जिले के रामपुरा क्षेत्र में शनिवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे में युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसे के बाद पिकअप चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। दुर्घटना बैसला और बुज गांव के बीच हुई।
जानकारी के अनुसार, बैसला निवासी कृष्ण कहार अपनी बाइक से नानू बाई कहार के साथ जा रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रहे पशु आहार से लदे तेज रफ्तार पिकअप वाहन ने बाइक को टक्कर मार दी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार पिकअप की गति काफी तेज थी, जिससे बाइक सवारों को संभलने का मौका नहीं मिला।
महिला गंभीर हालत में रेफर-
टक्कर इतनी भीषण थी कि कृष्ण कहार की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि नानू बाई गंभीर रूप से घायल हो गईं। हादसे के बाद मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। घायल महिला को तत्काल स्थानीय अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर स्थिति को देखते हुए नीमच जिला अस्पताल रेफर किया गया।
चालक वाहन छोड़कर फरार-
हादसे के बाद पिकअप चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। बताया जा रहा है कि वाहन रावलीकुड़ी की ओर जा रहा था। सूचना मिलते ही रामपुरा पुलिस मौके पर पहुंची और मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया।
पुलिस ने मामला दर्ज कर फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है। हादसे के बाद बैसला गांव में शोक का माहौल है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मार्ग पर तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण की मांग की है।