सिंगोली। दिगंबर जैन समाज सिंगोली द्वारा एक दिवसीय विशाल अर्हम ध्यान योग शिविर का आयोजन 3 मई 2026 को महावीर मांगलिक भवन (पांडे जी की बावड़ी) में किया जाएगा। यह आयोजन अर्हम योग प्रणेता मुनिश्री प्रणम्य सागर जी महाराज के सानिध्य में संपन्न होगा।
दिगंबर जैन समाज के अध्यक्ष भरत जैन ने जानकारी देते हुए बताया कि इस आयोजन को लेकर लंबे समय से व्यापक स्तर पर प्रचार-प्रसार किया जा रहा है। इसमें सभी सामाजिक संगठनों, सर्व समाज के नागरिकों, शासकीय एवं अशासकीय विद्यालयों सहित आसपास के क्षेत्रों के लोगों को आमंत्रित किया गया है।
उन्होंने बताया कि ध्यान योग का उद्देश्य लोगों के जीवन में शांति, संतुलन और नई ऊर्जा का संचार करना है। “मन शांत होता है तभी जीवन संतुलित होता है, योग केवल शरीर नहीं बल्कि सोच और जीवन को भी बदलता है,” उन्होंने कहा।
कार्यक्रम में ध्यान योग का सत्र प्रातः 5ः30 बजे से 7ः30 बजे तक आयोजित होगा। इसके पश्चात सभी प्रतिभागियों के लिए स्वल्पाहार की व्यवस्था भी की गई है।
आयोजन स्थल पर पहले आने वाले प्रतिभागियों को फ्री टी-शर्ट भी उपलब्ध कराई जाएगी, जो “पहले आओ पहले पाओ” के आधार पर वितरित होगी।
आयोजन समिति एवं दिगंबर जैन समाज ने नगर एवं आसपास के सभी नागरिकों से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर ध्यान योग का लाभ लेने और स्वस्थ एवं शांत जीवन की ओर कदम बढ़ाने की अपील की है।