नीमच। श्री ओसवाल साजनान लोढ़ साथ पारमार्थिक ट्रस्ट, नीमच द्वारा आयोजित पंचम स्नेह सम्मेलन एवं पारिवारिक मिलन समारोह रविवार को जैन भवन के समीप मिडिल स्कूल ग्राउंड पर गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में आत्मीयता, अनुशासन तथा समाज की मजबूती और एकता का संदेश स्पष्ट रूप से दिखाई दिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ भगवान श्री आदिश्वर प्रभु के मंगल स्मरण के साथ हुआ। इसके पश्चात आयोजित साधारण सभा में समाज के संगठनात्मक विकास, आपसी समन्वय तथा सेवा गतिविधियों के विस्तार पर सार्थक चर्चा की गई। वक्ताओं ने समाज की एकता को समय की आवश्यकता बताते हुए युवा पीढ़ी से सामाजिक दायित्व निभाने और संस्कारों से जुड़े रहने का आह्वान किया।
समारोह में उपस्थित अतिथियों ने शिक्षा, सेवा और सहयोग की भावना को समाज की प्रगति का मूल आधार बताया। साथ ही ट्रस्ट द्वारा संचालित स्थायी सेवा प्रकल्पों- खाखरा उद्योग, सिलाई प्रशिक्षण एवं छात्रवृत्ति योजनाओं- की जानकारी साझा करते हुए इन्हें और अधिक सशक्त बनाने पर बल दिया गया।
आयोजन में सहयोग देने वाले दानदाताओं एवं परिवारों का सम्मान भी किया गया। कार्यक्रम में अतिथि के रूप में साधु मार्गी संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष नरेंद्र कुमार गांधी, सत्येंद्र प्रकाश मेहता, अशोक कुमार मेहता, गुणवंतलाल बंडी, सागरमल सहलोत, पारसमल नागोरी, सुनील कुमार मेहता एवं संजय पटवा मंचासीन रहे। कार्यक्रम का संचालन राजेंद्र बंबोरिया ने किया।