नीमच। महावीर इंटरनेशनल प्रियदर्शनी महिला विंग एवं सेवा भारती के संयुक्त तत्वावधान में गोंड बस्ती में मानव सेवा, महिला सशक्तिकरण एवं शिक्षा को समर्पित कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान महिलाओं, युवतियों एवं बच्चों के लिए अनेक सेवा कार्य किए गए।
प्रियदर्शनी की अध्यक्ष रजिया अहमद ने बताया कि कार्यक्रम के दौरान “कानन” नामक युवती को आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से सिलाई मशीन भेंट की गई। साथ ही लगभग 100 गोंड युवतियों एवं महिलाओं को मासिक धर्म स्वच्छता एवं स्वास्थ्य संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी देकर जागरूक किया गया। इस विषय पर आयोजित रोचक क्विज प्रतियोगिता में विजेता महिलाओं को आकर्षक पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
“शिक्षित भारत अभियान” के अंतर्गत गोंड बस्ती के कोचिंग सेंटर में अध्ययनरत बच्चों को स्लेट, चाक, कॉपी एवं पेंसिल वितरित कर उन्हें शिक्षा के प्रति प्रेरित किया गया। इसके अलावा संस्कार केंद्र संचालित कर समाज में सकारात्मक भूमिका निभाने वाली दो युवतियों को सम्मानित भी किया गया।
महावीर अपैक्स द्वारा भेजे गए 100 सेनेटरी नैपकिन पैकेट्स भी गोंड महिलाओं को वितरित किए गए। कार्यक्रम की शुरुआत “भावना दिन रात मेरी३” प्रार्थना से हुई।
इस अवसर पर आशा सांभर, रानी राणा, माया वीरवाल, भावना जैन, सूरजमल जैन, के.के. जैन, जितेन्द्र सखलेचा, प्रदीप धाकड़ एवं मनोहर बंब सहित अनेक गणमान्यजन उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन नारायण सिंह राठौड़ द्वारा किया गया।
उल्लेखनीय है कि यह समस्त सेवा कार्य क्लब अध्यक्ष रजिया अहमद एवं उनके परिवार के सहयोग से संपन्न हुए।