नीमच। हाईवे पर रफ्तार का कहर एक बार फिर देखने को मिला, जब तेज गति से दौड़ती एक स्कॉर्पियो अचानक नियंत्रण खो बैठी और आगे चल रहे ट्रक से जा टकराई। हादसा इतना भीषण था कि मौके पर अफरा-तफरी मच गई, लेकिन गनीमत रही कि बड़ा नुकसान टल गया।

नीमच सिटी थाना क्षेत्र के महू-नसीराबाद हाईवे पर बुधवार रात एक सड़क हादसा हो गया। मालखेड़ा फंटे के पास मंदसौर से निंबाहेड़ा की ओर जा रही एक तेज रफ्तार स्कॉर्पियो पीछे से एक ट्रक में जा घुसी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि स्कॉर्पियो का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हालांकि वाहन में लगे एयरबैग समय रहते खुल गए, जिससे उसमें सवार चार युवक बाल-बाल बच गए और किसी गंभीर चोट की सूचना नहीं है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार मालखेड़ा फंटे पर बने स्पीड ब्रेकर के कारण ट्रक चालक ने अपनी गति धीमी कर दी थी। इसी दौरान पीछे से आ रही सफेद रंग की स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर ट्रक से टकरा गई। जानकारी के मुताबिक यह स्कॉर्पियो सकराना निवासी एक व्यक्ति की है, जिसे हाल ही में खरीदा गया था और उस पर अभी तक नंबर प्लेट भी नहीं लगी थी।

हादसे के बाद हाईवे पर कुछ देर के लिए यातायात बाधित हो गया और राहगीरों की भारी भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलते ही नीमच सिटी पुलिस मौके पर पहुंची और क्रेन की मदद से दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटवाकर यातायात सामान्य कराया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।
