नीमच। सेवा एवं संस्कार के क्षेत्र में सक्रिय भारत विकास परिषद् शाखा-नीमच द्वारा बालिकाओं के सशक्तिकरण एवं सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए 8 से 19 वर्ष आयु वर्ग की बालिकाओं के लिए तीन दिवसीय निःशुल्क आत्मरक्षा एवं खेलकूद प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया जा रहा है।
मीडिया प्रभारी मनोज माहेश्वरी, अध्यक्ष पुरुषोत्तम गुप्ता, सचिव सतीश गोयल, महिला प्रमुख सुनीता चौधरी एवं शिविर संयोजिका मीना जायसवाल ने जानकारी देते हुए बताया कि शिविर 8 मई से 10 मई तक सीएसवी अग्रोहा भवन, गोमाबाई नेत्रालय मार्ग के सामने आयोजित किया जाएगा।
शिविर के लिए 131 बालिकाओं का पंजीयन हो चुका है और केवल पंजीकृत बालिकाएं ही इसमें भाग ले सकेंगी। शिविर में उज्जैन की विशेषज्ञ आत्मरक्षा प्रशिक्षिका पूजा चित्तौड़ा द्वारा बालिकाओं को आत्मरक्षा संबंधी विशेष प्रशिक्षण दिया जाएगा।
दो सत्रों में होगा प्रशिक्षण-
शिविर को दो सत्रों में विभाजित किया गया है, जिसमें प्रतिभागियों की दोनों सत्रों में उपस्थिति अनिवार्य रहेगी।
प्रातःकालीन सत्र: सुबह 9 बजे से 11 बजे तक
सायंकालीन सत्र: शाम 4 बजे से 6 बजे तक
शिविर का शुभारंभ 8 मई शुक्रवार को प्रातः 9 बजे सीएसवी अग्रोहा भवन में दीप प्रज्वलन के साथ किया जाएगा।